सोनीपत। दिल्ली रोड स्थित एसके मेडिकल स्टोर से तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 50 हजार रुपये लूटकर भागने के मामले में व्यापारियों ने शनिवार को बैठक की। जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला की अध्यक्षता में हुई बैठक में केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त नरसिंह व सेक्टर-27 थाना प्रभारी जयभगवान ने व्यापारियों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस पर व्यापारियों ने मंगलवार तक का अल्टीमेटम दिया। उनका कहना था कि यदि मंगलवार तक बदमाशों को काबू नहीं किया गया तो वह फिर से बैठक कर अगला निर्णय लेंगे। इस दौरान केमिस्ट एसोसिएशन के जोनल प्रधान सत्यव्रत दहिया, शहरी प्रधान आशीष दुआ, जिला प्रधान सतपाल सिंह, गोहाना प्रधान प्रदीप चहल, उपप्रधान सुरेश कादियान, राजकुमार भारद्वाज, आकाश गुप्ता के अलावा व्यापार मंडल से यशपाल अरोड़ा, कमल हसीजा, देवेंद्र वर्मा व अधिवक्ता राजीव वर्मा मौजूद रहे।
पुलिस की 9 टीमें तलाश में जुटी
सहायक पुलिस आयुक्त नरसिंह ने व्यापारियों को बताया कि पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन के आदेश पर पुलिस की 9 टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान व बाइक नंबर जानने का प्रयास किया जा रहा है।