सोनीपत के गन्नौर में रेलवे रोड पर टूटे हुए हिस्से को ठीक करते मजदूर। संवाद
गन्नौर। मुख्यमंत्री को ट्वीट करने के बाद लोक निर्माण विभाग ने रेलवे रोड पर धंसे हुए हिस्से की मरम्मत शुरू कर दी है। रेलवे रोड का यह हिस्सा कई दिनों से जलभराव की वजह से टूटा हुआ था।
किसान नेता विरेंद्र पहल ने ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री से संज्ञान लेने की अपील की थी। ट्वीट में विरेंद्र पहल ने लिखा था कि तहसील कार्यालय के पास रेलवे रोड टूटा हुआ है। इस सड़क से हर रोज हजारों वाहनों के साथ-साथ नेता व अधिकारी निकलते हैं। मुख्यमंत्री को किए गए ट्वीट को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी हरकत में आए और सड़क की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है।
वहीं उपमंडल अभियंता, लोक निर्माण विभाग रवीन दत्ता का कहना है कि रेलवे रोड पर नाला लीक है जिस वजह से सड़क पर पानी जमा रहता है। जिससे सड़क टूट जाती है। जिसे विभाग ने ठीक करवा दिया है। वह नाला ठीक करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को भी पत्र लिखेंगे, ताकि सड़क दोबारा न टूटे।