देवीलाल चौक पर सड़क को बनाते कर्मचारी।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। पुलिस लाइन में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सीएम मनोहर लाल झंडा फहराएंगे। जिसको देखते हुए जिस मार्ग से सीएम का काफिला निकलेगा, वहां की सड़कों को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने चकाचक कर दिया है। वहीं शहर के अन्य खस्ताहाल मार्गों को देखा तक नहीं गया है और लोगों को अभी गड्ढों के कारण परेशानी झेलनी पड़ेगी।
सीएम मनोहर लाल स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करेंगे। जिसके लिए सीएम 14 अगस्त की शाम को रेस्ट हाउस में पहुंच जाएंगे और यहां पर रात रुकने के बाद अगले दिन स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने के लिए पुलिस लाइन जाएंगे। रेस्ट हाउस से पुलिस लाइन जाने के लिए सीएम का काफिला गीता भवन चौक से होते हुए महलाना चौक से पुलिस लाइन पहुंचेगा, जिसके चलते पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने गीता भवन चौक से पुलिस लाइन तक टूटी सड़क को नया बना दिया है। वहीं शहर के दिल्ली रोड, गोहाना रोड व गुरुद्वारा रोड की हालत खस्ताहाल है, लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है।
--
सीएम के पुलिस लाइन में जाने के लिए डिवाइडर तोड़ा
सीएम मनोहर लाल के पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करने को लेकर पूरी तैयारी चल रही है। पीडब्ल्यूडी ने सीएम को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए सड़क को गड्ढा मुक्त कर दिया है। वहीं पुलिस लाइन में सीएम व उनके काफिले को प्रवेश करने के लिए गेट नंबर दो के सामने बने डिवाइडर को तोड़ दिया है। ताकि सीएम मनोहर लाल का काफिला आसानी से पुलिस लाइन में प्रवेश कर सकें।
वर्जन
स्वतंत्रता दिवस पर सीएम मनोहर लाल पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करेंगे। जिसके लिए सीएम एक दिन पहले ही रेस्ट हाउस में पहुंच जाएंगे और रात को यही विश्राम करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर विभाग की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। रेस्ट हाउस की सफाई के अलावा गीता भवन चौक से पुलिस लाइन तक जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य भी किया गया है।
-भूपेंद्र सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।