सोनीपत। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से साइबर सुरक्षा एवं विधिक जागरूकता प्रदान करने के लिए शिविरों का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करवाना एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।
पैनल अधिवक्ता अरुण कुमार शर्मा ने सीआरए कॉलेज में शिविर लगाया। इसमें साइबर सेल विभाग से कृष्ण कुमार, अतिरिक्त एसएचओ ने विशेष रूप से भाग लिया। वहीं, पैनल अधिवक्ता विकास सैनी ने गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, मुरथल में शिविर आयोजित किया।
साइबर सेल विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के खिलाफ जागरूक करते हुए साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, ई-कोर्ट प्रणाली व साइबर अपराध के पीड़ितों के लिए निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के बारे में जानकारी दी।
यह कार्यक्रम मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सह सचिव प्रचेता सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए।