सोनीपत के गोहाना में पत्रकारों से बातचीत करते व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग गर्ग व अन्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा में प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग दास गर्ग ने कहा कि पुरानी अनाज मंडी के पास स्थित मातूराम हलवाई की दुकान पर सप्ताह पहले दिनदहाड़े बदमाशों ने 42 राउंड फायरिंग की थी। दूध विक्रेता पर जानलेवा हमला किया था। साथ ही रंगदारी की मांग की गई थी। इससे व्यापारियों में भय का माहौल है। उसके बावजूद पुलिस अभी तक हमलावरों को पकड़ नहीं पाई है। इसके विरोध में व्यापारी मंगलवार से गोहाना में बाजार बंद करेंगे। वह रविवार को गोहाना की पुरानी अनाज मंडी के सत्संग भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
गर्ग ने आरोप लगाया कि प्रदेश अपराध के मामले में देशभर में पहले स्थान पर है। व्यापारियों व आम लोगों के साथ लूटपाट, फिरौती, अपहरण, हत्या व चोरियों की वारदात लगातार सामने आ रहे हैं। इसका मुख्य कारण बेरोजगारी है। सरकार को अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेताया कि पुलिस प्रशासन मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग करने वाले अपराधियों को सोमवार तक गिरफ्तार नहीं करता है तो व्यापार मंडल 30 जनवरी को गोहाना बंद करेगा।
इस दौरान गोहाना मंडी प्रधान विनोद सहरावत, सामाजिक कार्यकर्ता रामधन भारतीय, सेठ रामधारी मल, गोहाना के उप प्रधान विकास जैन, प्रदेश महासचिव रमेश खुराना रोहतक, नरेंद्र बंसल, सतनारायण सैनी, पवन गोयल, प्रदीप चहल तथा अनुज बंसल मौजूद थे।
प्रदेशभर में कर सकते हैं बाजार बंद
गर्ग ने बताया कि व्यापारी 30 जनवरी को पहले गोहाना में बाजार बंद करेंगे। उसके बाद भी पुलिस हमलावरों को गिरफ्तारी नहीं करेगी तो वह प्रदेशभर में बाजार बंद करने का आह्वान करेंगे। गोहाना में तो व्यापारी सिर्फ ट्रेलर दिखाएंगे। प्रदेश में बाजार बंद कर प्रशासन को पूरी फिल्म दिखाने से पीछे नहीं हटेंगे।