सोनीपत। बाबा नागे वाला धाम, मुरथल में 21 व 22 जनवरी को आयोजित होने वाले मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं आठमान के भंडारे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विधायक कृष्णा गहलावत मंगलवार को धाम में पहुंचीं।
विधायक ने अधिकारियों से बातचीत कर सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और बिजली-पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। धाम में 16 जनवरी से ही शिव पुराण, गोरक्षनाथ पुराण और भजनों का आयोजन चल रहा है।
विधायक ने बताया कि सिद्ध बाबा बुद्धनाथ महाराज, बाबा कृष्णनाथ, सिद्ध बाबा वीरनाथ महाराज, सिद्ध बाबा बृहस्पतनाथ, बाबा स्वरूपनाथ, बाबा मुन्नानाथ और बाबा सुनहेरा नाथ की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर साधु-संत जुटे हुए हैं।
21 जनवरी को कलश यात्रा
तपस्वी सोमनाथ, कर्मबीरनाथ और वजीरनाथ कालीनाथ महाराज ने जानकारी दी कि 21 जनवरी को कलश यात्रा, परिक्रमा, मूर्ति स्थापना एवं सत्संग का आयोजन होगा। वहीं, 22 जनवरी को हवन यज्ञ के पश्चात पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
सरसंघचालक मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आएंगे
तपस्वी सोमनाथ, कर्मबीरनाथ ने बताया कि महोत्सव की अध्यक्षता राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत बाबा बालकनाथ करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त आठ मानधारी पीर परंपरा के महंत पीर जिताई, महंत पीरराज नाथ, महंत पीर शेरनाथ, महंत पीर लहरनाथ, महंत पीर पूर्णनाथ और महंत पीर हरिनाथ महाराज भी महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।