गोहाना। गांव कासंडी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के मायके पक्ष पर पिटाई कर बेटे का अपहरण करने और नकदी व गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कासंडी निवासी अतुल कुमार ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2018 में दिल्ली के इंद्रा कॉलोनी, नरेला निवासी सुषमा के साथ हुई थी। उनका एक बेटा है। आरोप है कि सुषमा शुरू से ही माता बबली देवी और उनके साथ दुर्व्यवहार करती थी। वह अपने मायके से परिजनों को बुलाकर उनकी पिटाई भी करवाती थी। मंगलवार को भी सुषमा ने अपने मामा, मां, भाई अभिषेक और सात आठ अन्य युवकों को बुलाया था। उनके पास पिस्तौल, तेज धार हथियार थे। हथियार के बल पर उन्होंने उनकी व मां बबली देवी की पिटाई की। वह जान से मारने की धमकी देकर बेटे अविराज का अपहरण कर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर से नकदी और गहनों की भी चोरी की है। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच आरंभ कर दी है।