सोनीपत। निगम प्रशासन ने शहर में लगे अवैध कॉमर्शियल विज्ञापनों पर सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को होर्डिंग्स, बैनर को हटाया।
शहर में कई जगहों पर बिना अनुमति के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनकी जानकारी नगर निगम को तक नहीं थी। इन होर्डिंग्स के जरिए वर्षों से कुछ लोग लाखों रुपये की कमाई कर रहे थे, जबकि सरकार को हर महीने लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा था। शुक्रवार को एक बार फिर नगर निगम ने शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई की। नगर निगम सीमा अंतर्गत लगे हुए अवैध होर्डिंग्स, बैनर को हटाया गया। टीम में कनिष्ठ अभियंता बिजेंद्र शर्मा, अनिल वलेचा और प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त हर्षित कुमार ने बताया कि अभियान चलाकर अवैध तरीके से लगाए गए होर्डिंग्स हटाए गए। अगर फिर किसी ने होर्डिंग्स लगने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान जारी रहेगा।