हुडा में पिछले दो साल से सबसे चर्चित मुद्दा रिजर्व कैटेगरी (कोटे) में मल्टीपल प्लॉट होल्डर्स का रहा था। एक-एक करके प्रदेशभर में सैकड़ों ऐसे अलॉटियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिन्होंने गलत कागजात पेश कर कोटे में एक से अधिक प्लॉट हासिल कर रखे थे। सोनीपत जिले में कुल 62 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। हालांकि वर्ष 2015 की शुरुआत में मामले दर्ज करा दिए गए थे, लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। अब हुडा एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। सप्ताह भर पहले ही हुडा मुख्य प्रशासक कार्यालय से एक लिस्ट जारी हुई है, जिसमें 10 और लोगों के नाम हैं। इस सूची को अमल में लाते हुए हुडा संपदा अधिकारी ने जांच कराकर दो लोगों पर मामले भी दर्ज करा दिए हैं। बुधवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने दोनों मामले दर्ज किए हैं। दोनों ही मामले सेक्टर-15 के हैं। आरोपियों ने सोनीपत में ही अलग-अलग सेक्टरों में दो-दो प्लॉट रिजर्व कैटेगरी में हासिल किए थे।
संपदा अधिकार की शिकायत पर दर्ज किया मामला
थाना सिविल लाइन पुलिस ने गांव नाहरी निवासी तारीफ हुसैन और सेक्टर-15 निवासी नीलम चावला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 193 और 420 के तहत मामला दर्ज किया है। फर्जी कागजात और धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है। हुडा के संपदा अधिकारी विजय राठी की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तारीफ हुसैन और नीलम चावला ने फर्जी कागजात के जरिए रिजर्व कैटेगरी में दो-दो प्लॉट लिए हैं।
तारीफ ने डिफेंस तो नीलम का विकलांग कोटा
तारीफ हुसैन के नाम पर सेक्टर-12 में मकान नंबर 958 और सेक्टर-15 में 1376 नाम के दो प्लॉट हैं। दोनों प्लॉट डिफेंस कोटे में एक्स सर्विसमैन के कोटे से लिए गए थे। दूसरी ओर नीलम चावला के नाम पर सेक्टर-15 में 3658-ए और सेक्टर-7 में 1312 दो प्लॉट हैं। नीलम ने दोनों प्लॉट विकलांग कोटे में लिए थे।
62 के खिलाफ दर्ज हो चुके हैं मामले, 10 नए भी
बता दें कि हुडा उपरोक्त दो मामलों से पहले भी 62 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज करा चुका है। यह मामले भी रिजर्व कैटेगरी एंड मल्टीपल प्लॉट होल्डर्स के थे। सभी मामले हुडा मुख्य प्रशासक कार्यालय से जारी हुई लिस्ट के बाद दर्ज कराए गए थे। बताया जा रहा है कि मुख्य प्रशासक ने सभी जिलों में हाल ही में एक और लिस्ट जारी की है। सोनीपत के लिए जारी की गई लिस्ट में 10 और लोगों के नाम हैं। जिसमें से 2 के खिलाफ हुडा ने मामला दर्ज करा दिया है। बाकी 8 की जांच की जा रही है।
हुडा संपदा अधिकारी की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-नवीन संधु, प्रभारी, थाना सिविल लाइन, सोनीपत।
रिजर्व कैटेगरी में मल्टीपल प्लॉट अलॉटियों की लिस्ट मुख्यालय द्वारा प्राप्त हुई थी। उसी आधार पर कार्यवाही करते हुए पुलिस को मामला दर्ज करने के लिए शिकायत भेजी थी। अभी कुछ और लोगों के नाम भी लिस्ट में है, उनकी जांच की जा रही है।
-विजय राठी, संपदा अधिकारी, हुडा, सोनीपत।