संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जन स्वास्थ्य संभाग से संबद्ध कर्मचारी यूनियन ने सोमवार को हरियाणा विकास प्राधिकरण परिसर में बैठक की। इसमें जॉब सिक्योरिटी को लेकर कई बार समय दिए जाने पर भी उसे लागू नहीं करने पर नाराजगी जताई गई।
प्रदेश अध्यक्ष आरके नागर और कोषाध्यक्ष महावीर सिंह नागर ने सभा में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 23 मार्च को दोपहर 12 से 2 बजे तक सरदार भगत सिंह व उनके साथियों की शहादत पर सभा की जाएगी।
शहीदों को नमन के बाद कर्मचारी उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लेंगे। इस सभा में एचएसवीपी की जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन नंबर 1266 जिला कमेटी के चुनाव की तारीख पर विचार होगा। इसके अलावा रविवार को जारी मानव संसाधन विभाग के पत्र की निंदा की गई जिसमें जॉब सिक्योरिटी लेटर के लिए 15 जून का वक्त तय किया गया है।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि आज की सभा में जताई गई आपत्ति के संबंध में मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा गया है। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच से संबंधित यूनियन नंबर 1266 के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आरके नागर ने की। बैठक का संचालन राज्य कोषाध्यक्ष महावीर सिंह नागर ने किया।
कार्य समिति की बैठक में आरके नागर, महावीर सिंह नागर, सुरेंद्र रंग, प्रदेश सलाहकार ध्रुव कुमार, जिला प्रधान राकेश योगी, जिला सचिव जितेंद्र सिंह, राज्य उप प्रधान सुरेश रोहिल्ला, प्रेस सचिव सुनील चौहान, राज्य सलाहकार जोगिंद्र, जिला उप प्रधान रघुनाथ सैनी, मुकेश, कुलदीप आदि उपस्थित रहे।