सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय में जांच करती मुख्यमंत्री उड
सोनीपत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कार्यालय में छापा डाला। टीम ने हाजिरी रजिस्टर, योजनाओं से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच में पता लगा कि रिहायशी सेक्टर के अंदर व्यावसायिक गतिविधि चल रही हैं। 76 को एचएसवीपी ने नोटिस जारी किया, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं की। सीएम विंडो की शिकायतों पर भी कम कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को एसआई महाबीर, सुभाष व राजेश की टीम ने एचएसवीपी कार्यालय में छापा डाला। जांच में पाया कि कार्यालय में आठ में से पांच सीसीटीवी ही चल रहे थे। जांच में सामने आया कि रिहायशी क्षेत्र में 76 व्यवसायिक भवन चल रहे थे, जिनको नोटिस दिया गया है। उसके बाद कार्रवाई नहीं हो सकी। टीम ने इसके बाद संपदा अधिकारी कार्यालय, कार्यकारी अभियंता कार्यालय व राजीव गांधी एजेशन सिटी के कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में जांच की। संपदा अधिकारी कार्यालय की तरफ से वर्ष 2023-24 में जिम खाना क्लब का टेंडर किया गया, इसका कार्य चालू है। कार्यकारी अभियंता कार्यालय की तरफ से 36 टेंडर हुए जिनमें से 33 का कार्य पूरा हुआ है। वहीं राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के कार्यकारी अभियंता कार्यालय की तरफ से 16 टेंडर कराए जिन्हें पूरा किया गया है।
सीएम विंडो की शिकायत अटकी मिली
काम नहीं होने पर सीएम विंडो पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं होने का पता लगा। जांच में एक वर्ष में पहुंची 57 में से 41 शिकायत लंबित मिली। अधिकारियों की टीम दिनभर कार्यालय में रही। इस दौरान कार्यालय में कार्य कराने लोगों से भी बातचीत की। टीम ने ऑनलाइन टेंडर, लोगों की शिकायत व उनका समाधान, सीवर व पेयजल बिलों की रिकवरी व बकाया राशि सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। उनके कार्यालय में सीवर व पेयजल से संबंधी करीब 420 शिकायत दर्ज हुई मिली, विभाग ने सभी शिकायतों का समाधान करा दिया था।