सोनीपत। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच, हुडा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन और हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मचारी मंच की संयुक्त कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को एचएसवीपी सेक्टर-15 में हुई।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्षता आरके नागर ने बताया कि एचएसवीपी के प्रशासक ने कुछ मांगें स्वीकार करने और 30 अक्तूबर को वार्ता का समय दिया है। ऐसे में यूनियन ने मुख्यमंत्री निवास पर 14 अक्तूबर को प्रस्तावित ज्ञापन देने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
उन्होंने बताया कि प्रशासक धर्मेंद्र ने यूनियन के 11 सदस्यीय शिष्टमंडल से वार्ता के दौरान आश्वासन दिया है कि दिवाली पर कर्मचारियों को परफॉर्मेंस अवॉर्ड दिया जाएगा। हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों की अप्रूवल शीघ्र जारी होगी। 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही शेष मांगों पर चर्चा के लिए 30 अक्तूबर को वार्ता का पत्र प्रदान किया गया है। इस निर्णय से कर्मचारियों में खुशी है। इस दौरान बिजेंद्र रिवाल, महावीर नागर, सुनील चौहान, ध्रुव कुमार, समेश कुमार, सुरेंद्र रंगा, राकेश कुमार, बसंत कुमार, कुलदीप सिंह व शमशेर सिंह भी मौजूद रहे।