सोनीपत। हिस्ट्रीशीटर दीपक गुहणा अगर वारदात के दिन सोनीपत में बच जाता तो उसकी रोहतक में हत्या की जानी थी। मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के बाद अब स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (एसएयूजी) ने एक अन्य आरोपी गांव मुंडलाना निवासी अनिल उर्फ लीला को दबोच लिया है। अनिल दीपक गुहणा को मारने के लिए रोहतक में पहले ही जाल बिछाया था। इससे पहले ही दीपक गुहणा की सोनीपत के गांव कुमासपुर के पास ढाबा परिसर में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
एसएयूजी प्रभारी अजय धनखड़ ने बताया कि एयर इंडिया में पायलट पंजाब के जालंधर स्थित गांव दकोहा निवासी प्रीत कमल सिंह ने 27 फरवरी को बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया था कि गांव मुरथल निवासी कपिल आंतिल उनके दोस्त हैं। कपिल ने उनको एक मोबाइल नंबर भेजा था। जब वह दिल्ली के महिपालपुर में थे तो उन्होंने उस नंबर पर कॉल की थी। बातचीत करने वाले युवक ने उन्हें दिल्ली में ही पीतमपुरा के पास बुलाया था। वहां पहुंचने पर कार में गांव गुहणा निवासी दीपक उर्फ भांजा व कपिल का चचेरा भाई मंदीप मिले थे। वह उनके साथ दिल्ली से चलकर कुमासपुर के पास वीर ढाबा के बाहर रुके थे। वहां पर 3-4 युवक कार में आए और दीपक की 14 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। मंदीप को भी गर्दन में गोली लगी थी। एक आरोपी बोल रहा था कि राहुल भूर्री अपना काम पूरा करता है। पुलिस ने राहुल भूर्री समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में पुलिस ने बड़वासनी गांव के पास से पानीपत के गांव ब्राह्मण माजरा निवासी राकेश उर्फ फौजी को गिरफ्तार किया था। वह वारदात में मुख्य शूटर था। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने राकेश उर्फ पंपू से दोस्ती में दीपक उर्फ भांजा की हत्या की है। दीपक उर्फ भांजा ने राकेश उर्फ पंपू के जीजा गांव शाहपुर तुर्क निवासी प्रॉपर्टी डीलर विनोद उर्फ धोला की 10 मार्च, 2014 को गोली मारकर हत्या की थी। अब मामले में षड्यंत्र रचने के आरोपी अनिल उर्फ लीला को पकड़ा है।
अनिल ने रोहतक में हत्या का षड्यंत्र रच रखा था
अजय धनखड़ ने बताया कि मामले में जांच में पता लगा कि अगर सोनीपत में दीपक उर्फ भांजा बचकर निकल जाता तो उसकी रोहतक में हत्या करने की तैयारी थी। इसके लिए अनिल उर्फ लीला ने रोहतक में जाल बिछा रखा था। अब अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। वह हत्या समेत कई मामलों में नामजद रहा है। आरोपी अनिल भी राकेश उर्फ पंपू का साथी है। उसके साथ अन्य वारदात में नामजद रहा है।