सोनीपत। लोकसभा चुनाव के तहत पुलिस की ओर से खरखौदा थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस टीम व इंडियन बॉर्डर तिब्बत पुलिस (आईटीबीपी) की टुकड़ी ने आम लोगों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से चुनाव प्रक्रिया में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
थाना खरखौदा प्रभारी निरीक्षक अंकित कुमार के नेतृत्व में आईटीबीपी की टीम के साथ थाना शहर सोनीपत प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र, सोनीतप सिविल लाइन थाना प्रभारी सतबीर सिंह व सदर थाना प्रभारी सेठी मलिक के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च खरखौदा शहर क्षेत्र की विभिन्न गलियों व मार्गों व थाना खरखौदा के अंतर्गत आने वाले गांव से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना है, ताकि वे निर्भय होकर अपना मतदान कर सके। फ्लैग मार्च दौरान पुलिस ने लोगों को बिना किसी डर भय के चुनाव प्रकिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। आम जन से अपील की गई है कि मतदान के दौरान अगर कोई व्यक्ति उन्हें प्रभावित करें तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।