प्रदेश में टॉप करने वाली वर्षा को मिठाई खिलाते परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में सोनीपत के गोहाना के गांव बली ब्राह्मणान की रहने वाली वर्षा ने प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। वर्षा को 500 में से 498 यानी 99.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। वर्षा सिकंदरपुर माजरा स्थित संत बाबा घोघर पब्लिक स्कूल में पढ़ती हैं।
वर्षा ने कहा कि उनका सपना आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। वह घर पर 6 से 8 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। 11वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में मेडिकल साइंस का चयन किया है। उन्होंने बताया कि परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया है। कभी किसी काम के लिए नहीं कहा। मम्मी-पापा हमेशा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हैं।
स्कूल में भी अध्यापिकाओं ने बेहतर तैयारी करवाई, जिसकी वजह से आज प्रदेश में टॉप करने में कामयाबी मिली है। वर्षा ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि प्रदेश में टॉप करूंगी। शिक्षकों ने जो पढ़ाया उसे घर आकर अच्छी तरह से दोहराया।
जो समझ में नहीं आता था उसके बारे में शिक्षकों से पूछती थी। शिक्षकों ने घर आकर प्रदेश में टॉप करने के बारे में बताया तो शुरू में विश्वास ही नहीं हुआ। बाद में खुशी के मारे आंसू निकल पड़े। फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करने वाले पिता नवीन अपनी बेटी की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
प्रदेश में टॉपर छात्रा
- नाम : वर्षा
- स्कूल : संत बाबा घोघर पब्लिक स्कूल, सिकंदरपुर माजरा, गोहाना, सोनीपत।
- लक्ष्य : आईपीएस बनना
- सफलता का मंत्र : जो पढ़ रहे हो, जितना पढ़ रहे हो, जितने समय में पढ़ रहे हो उसे ध्यान लगाकर पढ़ो, किसी टॉपिक को कल पर मत छोड़ो, कल कभी नहीं आता।
- प्रेरणास्रोत : माता-पिता और शिक्षक
- पढ़ाई के घंटे : स्कूल समय के अलावा 6 से 8 घंटे
- हॉबी : किताबें पढ़ना