सोनीपत। जिले के 349 गांवों में निशुल्क वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करवाकर उन्हें स्मार्ट बनाया जाएगा, ताकि शिक्षा, व्यवसाय व रोजगार को विस्तार दिया जा सके। इसकी शुरुआत सांसद रमेश कौशिक ने गांव ठरु से की।
उन्होंने कहा कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभाओं के सभी गांवों को वाई-फाई से जोड़ा जाएगा। ग्राम पंचायत ठरु ने निशुल्क वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए गांव में 28 राउटर लगवाए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल इंडिया बनाने का सपना साकार करने के लिए सार्थक पहल है।
सांसद ने कहा कि वाई-फाई कमेटी का चेयरमैन होने के नाते उनका प्रयास है कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा के सभी गांवों में निशुल्क वाई-फाई की सेवा दी जाए।
मातृ दिवस पर ठरु की ग्राम पंचायत ने सरपंच सरोज बाला की अध्यक्षता में 28 राउटर लगवाए। जिससे सभी ग्रामीणों के लिए 24 घंटे निशुल्क वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सांसद ने बताया कि अगला लक्ष्य गांव ठरु में पुस्तकालय खुलवाना है, ताकि युवा पीढ़ी अपने भविष्य निर्माण के लिए अच्छी पुस्तकों का अध्ययन कर परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी व देवेंद्र सूरा ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इससे पहले सांसद ने गांव खेड़ी गुज्जर व अगवानपुर में जनसभाओं को संबोधित कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
जून में प्रारंभ होगा राजकीय महाविद्यालय
गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय जून से प्रारंभ किया जाएगा, जो विधायक बनने के बाद उनका सबसे बड़ा कार्य है। दूसरा बड़ा कार्य गांव ठरु में पंचायत ने निशुल्क वाई-फाई लगवाकर किया है। जिससे शिक्षा व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।मां के नाते बच्चों के बेहतर भविष्य का ध्यान रखा
सरपंच सरोज बाला ने कहा कि मातृ दिवस पर उन्होंने मां होने के नाते गांव के बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक वाई-फाई की सेवा प्रारंभ की है। जिसे नियमित चलाया जाएगा। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी नागरिक डॉ. अनुपमा मलिक, स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज, योगीराज महाराज व नीरज ठरु मौजूद रहे।