सोनीपत। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने पर पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक हवलदार समेत एसआई और एसपीओ को निलंबित कर दिया है। तीनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है।
शनिवार रात आईटीआई चौक के पास ईआरवी पर तैनात सिविल लाइन थाना का हवलदार अमित नशे की हालत में था। किसी राहगीर की तरफ से इसकी सूचना पुलिस को दी गई इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने हवलदार की स्थिति की जांच की।
प्रारंभिक जांच के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसमें हवलदार के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने उसके साथ ड्यूटी पर मौजूद एसआई और एसपीओ की भी जिम्मेदारी तय की और उन्हें भी लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया।
उन्होंने इसकी जानकारी अधिकारियों को नहीं दी थी। इसके चलते उनके खिलाफ लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।