सोनीपत। जिला बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता के साथ सेक्टर-27 थाने में अभद्रता के मामले का पटाक्षेप हो गया। बार एसोसिएशन का कहना है कि हवलदार ने माफी मांग ली है। अब बुधवार को अधिवक्ता कोर्ट में आकर अपने मुवक्किल की पैरवी करेंगे।
जिला बार एसोसिएशन ने सोमवार को अनिश्चितकालीन वर्क सस्पेंड कर दिया था। जिला बार एसोसिएशन ने बैठक की थी। इसमें प्रधान अनिल ढुल ने बताया था कि अधिवक्ता प्रणयदीप चौधरी के साथ सेक्टर-27 पुलिस थाना में गलत व्यवहार हुआ था। उन्हें धमकी भी दी गई थी। उन्होंने बताया था कि वह 12 जनवरी को थाने में गए थे। वहां पर दुर्व्यवहार को लेकर पुलिस के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इसके बाद सोमवार को सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक अधिवक्ता अदालती कार्य नहीं करेंगे।
प्रधान अनिल ढुल ने बताया कि मामले में हवलदार ने उनके व अधिवक्ता साथियों के सामने आकर गलती मान ली है। साथ ही डीसीपी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मी गलत व्यवहार नहीं करेंगे। इसके बाद निर्णय हुआ कि वीरवार से कोर्ट का कार्य सुचारू रूप से चलेगा।