सोनीपत। ओलंपिक क्वालीफायर और एशियाई चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में हरियाणा की बेटियां ही छाई रहीं। ओलंपिक कोटा के लिए सभी भारवर्ग में हरियाणा की पहलवानों ने ही जीत दर्ज की है। कुश्ती संघ के साथ हुए विवाद के बाद सुर्खियों में रही और फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली विनेश फोगाट ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही अन्य भारवर्ग में भी हरियाणा की पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कुश्ती में प्रदेश के खिलाडिय़ों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सदैव प्रदेश के पहलवानों का दबदबा रहता है। देश ही नहीं विदेशों में भी हरियाणा के पहलवानों का डंका बजता रहा है। प्रदेश के युवा पहलवान अंतरराष्ट्रीय फलक पर नाम चमका रहे हैं। सोमवार को पटियाला में हुए ट्रायल में भी हरियाणा की पहलवान छाई रही।
इन पहलवानों को मिला टिकट
महिला वर्ग : विनेश फोगाट (सोनीपत, 50), अंजू (हिसार, रेलवे से खेलती हैं 53), तमन्ना (रोहतक, 55) अंशू मलिक (जींद, 57) मानसी (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं, 62), अंतिम (रोहतक, 65), निशा (रोहतक, रेलवे से खेलती हैं 68) हर्षिता (हिसार, 72), रितिका (रोहतक, सेना की तरफ से खेलती हैं 76) शामिल है।
ओलंपिक क्वालीफायर में यह भारवर्ग लेंगे भाग
चयनित पहलवानों में से दोनों ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहे 50, 57, 62, 68 व 76 किलो की पहलवान भाग लेंगी। वहीं सीनियर एशियन कुश्ती प्रतियोगिता में ओलंपिक भारवर्ग के दूसरे स्थान पर रही पहलवान भाग लेंगी। ऐसे में 57 किलो में सोनीपत की सरिता, 62 किलो में रोहतक की मनीषा, 68 किलो में हिसार की राधिका व 76 किलो में रोहतक की प्रिया मलिक एशियन चैंपियनशिप में भाग लेंगी।