गोहाना। शिक्षा विभाग के नए शैक्षणिक सत्र 2024-25 के शुरू होने के साथ ही परिवहन विभाग ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाएं दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल जाने व छुट्टी के बाद दोपहर को बस सेवा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
ग्रामीण क्षेत्र में विद्यार्थियों को शहर के स्कूलों में आने के लिए लिए बसों या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार विद्यार्थी परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं होने से स्कूलों में देरी से पहुंचते हैं। परिवहन विभाग का दावा है कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ग्रामीण बस सेवा को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को समय पर बस सेवा मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार गोहाना के सभी गांवों में बसों का परिचालन है। अब परिवहन विभाग विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार बसों की व्यवस्था करेगा। इससे विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों को भी फायदा होगा। सुबह और दोपहर के समय बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
ग्रामीण रूटों पर दुरुस्त होगी परिवहन सेवा
गोहाना खंड के गांवों में विद्यार्थियों की सुविधा ग्रामीण रूटों पर बस सेवा दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए विभाग की तरफ से गांव व रूट चिह्नित किए जा रहे हैं। ग्रामीण रूटों पर जाने वाली बसों के शेड्यूल में विद्यार्थियों के समय के अनुसार बदलाव किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को स्कूलों में आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
गांवों से शहरी क्षेत्र में शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाने वाले विद्यार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सुबह व दोपहर के समय विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। आवश्यकता होने पर ग्रामीण क्षेत्राें में चलने वाली बसों के शेड्यूल में बदलाव भी किया जा सकता है।
- तेलूराम, डीआई, बस अड्डा, गोहाना