मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को हरियाणा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला को भी जाति विशेष का नाम लेकर संबोधित कर डाला। इसके बाद रणदीप सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए कहा कि यह टिप्पणी दलित समाज का अपमान है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं पर चुटकी ली। उन्होंने रणदीप सुरजेवाला को लेकर कहा कि इनका (कांग्रेस का) एक बहुत बड़ा थिंक टैंक है, सुरजेवाला साहब। उनके पास कोई काम नहीं है। अगर कोई छींक भी मार देगा तो वह तुरंत चंडीगढ़ पहुंच जाते हैं प्रेस के पास। उनका यही काम है कहते हुए उन्हें जाति विशेष का नाम लेकर कह डाला।
इसके कुछ देर बाद ही रणदीप सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि एक एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री श्रीमान नायब सैनी अहंकार में चूर होकर दलित समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्हें खुद पीए व पीएस तक लगाने का अधिकार नहीं है क्योंकि पूरी लिस्ट दिल्ली से बनकर आती है।
उन्होंने किसानों, आढ़ती, राइस मिलर्स की दुर्गति पर सवाल उठाया था और तीसरा सवाल एनएचएम कर्मियों को लेकर उठाया था, लेकिन सरकार जवाब देने की बजाय अहंकार भरी बातें कर रही है।
हम तो ताली बजाने वालों में थे
मुख्यमंत्री ने गन्नौर विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि हम तो ताली बजाने वालों में थे। वहां पर एक तरफ भाजपा के देवेंद्र कौशिक मैदान में थे तो दूसरी तरफ देवेंद्र कादियान थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि देवेंद्र कौशिक और देवेंद्र कादियान के बीच कुश्ती हो गई थी। दोनों ही पहलवान लड़ गए थे। दोनों में से कोई एक तो जीतेगा, हमें तो ताली बजानी थी।