हरियाणा के सोनीपत के एचएसआईआईडीसी, राई स्थित रबर बेल्ट बनाने की फैक्टरी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते पहले बॉयलर, केमिकल से भरे ड्रम और सिलिंडर फटने शुरू हो गए।
इस हादसे में फैक्टरी मालिक समेत 37 लोग झुलसे हैं। दूसरी तरफ अग्निशमन विभाग की दस गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पा लिया। उपायुक्त ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जानने व राहत कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं।
हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी), राई स्थित सांवरिया एक्सपोर्ट फैक्टरी में रबर की बेल्ट बनाई जाती है। मंगलवार शाम करीब चार बजे बॉयलर में आग लगी। इससे फैक्टरी में हड़कंप मच गया। दूसरी तरफ फैक्टरी कर्मी व अन्य अधिकारी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए।
राई इंडस्ट्रियल एरिया मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (रीमा) के प्रधान राकेश देवगन की फैक्टरी भी बेल्ट फैक्टरी के पास है। वह भी बचाव कार्य के लिए पहुंचे। इस बीच अचानक बॉयलर फट गया। इससे आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान केमिकल से भरा एक ड्रम और अंदर रखे व्यवसायिक गैस सिलिंडर भी फटने शुरू हो गए।
आग से फैक्टरी में कार्यरत कर्मचारियों समेत 37 लोग घायल हो गए। रीमा प्रधान को परिजन दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में लेकर गए हैं। जबकि अन्य घायलों को नागरिक अस्पताल, पीजीआई रोहतक व खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसे में यह लोग हुए घायल
सेक्टर-14 निवासी राकेश देवगन, फैक्टरी मालिक शालीमार बाग दिल्ली निवासी नंद गोपाल अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, एक अन्य फैक्टरी के मालिक खन्ना कॉलोनी के कमल, सिक्का कॉलोनी निवासी अमित, असदपुर निवासी महेश, दिल्ली के नरेला स्थित पॉकेट नंबर सात निवासी कुराब, मूलरूप से बिहार के वैशाली निवासी राजकुमार, हरसाना निवासी हरेंद्र, यूपी के बलिया निवासी सतेंद्र कुमार, यूपी के जिला मऊ के अलीनगर निवासी अमरनाथ, अगवानपुर निवासी प्रदीप, माच्छरी निवासी पवन, राई निवासी रोहित के साथ प्रदीप ठाकुर, सीता, जुकरान, प्रीतम, शान, प्रिंस, आरिफ, जुबेर, शाहरुख, राजकुमार, विकास, नौजम, हरकेश, जितेंद्र पंडित, फूलचंद, वेदप्रकाश व अन्य शामिल हैं।
फैक्टरी में बॉयलर ब्लास्ट के बाद आग की जानकारी मिली है। पहली प्राथमिकता घायलों को उपचार दिलाकर उनकी जान बचाना है। आग के कारणों की जांच कराई जाएगी। बॉयलर इंस्पेक्टर को पत्र लिखकर सभी फैक्टरी में लगे बॉयलर की जांच कराई जाएगी।
-डॉ. मनोज कुमार, उपायुक्त सोनीपत