गोहाना। भाजपा की ओर से बुधवार को सेक्टर-7 के सामुदायिक केंद्र में जिला स्तरीय शक्ति केंद्र प्रमुख प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जिसमें मेहनत करने वाले कार्यकर्ता शिखर तक पहुंचते हैं। वहीं कार्यकर्ता शिखर तक पहुंचते हैं जो संगठन की बातों को सीख कर लागू करते हैं। इसके लिए तालमेल बहुत जरूरी है।
कुछ नेता शीर्ष नेतृत्व और छोटे कार्यकर्ताओं से तालमेल बेहतर बना लेते हैं, लेकिन समकक्ष नेताओं से तालमेल नहीं बैठा पाते। यह उनकी विफलता का कारण भी बन जाता है। ऐसे में तीनों स्तर पर तालमेल बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा में जिला प्रभारी और मंडल प्रभारी अहम पद हैं। मंडल प्रभारी योग्य कार्यकर्ताओं को बनाया जाए। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुखों को वोट प्रबंधन और चुनाव प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मीडिया संपर्क प्रमुख राजीव जैन ने कहा कि गांव के आर्थिक सामाजिक एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए भाजपा सरकार ने अनेक कदम उठाए। जिसकी वजह से हर गांव में भाजपा मजबूत स्थिति में है और आने वाले पंचायत चुनाव में उसकी झलक देखने को मिलेगी। जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने के साथ नए वोट बनवाने की तरफ भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि बूथ पालक भी नया आदमी नहीं बनाना है। यह जिम्मेदारी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता को मिलनी चाहिए। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, जिला प्रभारी भगवानदास कबीरपंथी, प्रदेश महामंत्री डॉ. पवन सैनी, राजीव जैन, ललित बत्रा, इंद्रजीत विरमानी, उमेश शर्मा, योगेश्वर दत्त, फूल खरब, पूनित राई, संदीप कौशिक, मीना नरवाल, सुधीर मलिक, अरुण बड़ौक, राकेश कौशिक, शिवकांत पाराशर, ओमवीर वत्स, अनूप कुंडू, बंटी हंस आदि मौजूद रहे।