सोनीपत। प्याऊ मनियारी में विवाहिता के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने पिता के बयान पर पति समेत आठ आरोपियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके मायके वालों के हवाले कर दिया। प्याऊ मनियारी स्थित मकान में सुमन देवी (21) का शव 24 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। मूलरूप से बिहार फिलहाल प्याऊ मनियारी निवासी सुमन देवी अपने बिहार के भोजपुर के रहने वाले अपने पति जयप्रकाश व अन्य के साथ रहती थी। वह रविवार रात करीब एक बजे संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए थे। अब महिला के मायके वालों ने उसकी दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। सुमन के पिता ने पति समेत आठ लोगों पर आरोप लगाया है कि वह शादी के बाद से ही उसकी बेटी को परेशान कर रहे थे। उसकी शादी वर्ष 2016 में हुई थी। अब उसकी बेटी ने प्रताडऩा से तंग आकर फंदा लगा जान दे दी। पुलिस ने पति समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।