सोनीपत। जिले के राजकीय विद्यालयों में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की कक्षा चौथी से 12वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने परीक्षा का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया था। विभाग ने परीक्षाओं के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। पहले दिन की परीक्षा के बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन का आंकलन भी शुरू कर दिया है।
विद्यालयों में पहले दिन प्रार्थना सभा के बाद सुबह 9 से 12 बजे तक विद्यार्थियों की परीक्षा ली गई। जिले में कक्षा चौथी से 12वीं तक के कुल 85315 विद्यार्थी अर्धवार्षिक परीक्षा में भाग ले रहे हैं। कक्षा चौथी व पांचवीं की 28 अक्तूबर, छठी से 10वीं तक की 31 अक्तूबर व 11वीं व 12वीं तक की 6 नवंबर तक परीक्षाएं होंगी। परीक्षा के बाद नियमित रूप से सभी कक्षाएं लगाई जाएंगी।
कक्षा चौथी व पांचवीं के बच्चों की चार विषयों, कक्षा छठी से 10वीं तक सात विषयों और कक्षा 11वीं व 12वीं तक विभिन्न 10 विषयों पर परीक्षाएं होंगी। परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए विद्यालय स्तर पर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि अर्धवार्षिक परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन का आंकलन किया जा रहा है।
विद्यार्थी जिस विषय में कमजोर होंगे, उन विषयों की बेहतर तरीके से तैयारी करवाई जाएगी। अर्धवार्षिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों के प्राप्त अंक पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इस कार्य को पूरा करवाने की जिम्मेदारी स्कूल मुखियाओं को सौंपी गई है।
पहले दिन इन विषयों की हुई परीक्षाएं
निदेशालय के शेड्यूल के अनुसार शुक्रवार को पहले दिन कक्षा चौथी व पांचवीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षाएं हुईं। कक्षा छठी की सामाजिक विज्ञान, सातवीं की हिंदी, आठवीं की ड्राइंग, संगीत और गृहविज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इनके अलावा कक्षा नौंवी की सामाजिक विज्ञान, 10वीं की विज्ञान, 11वीं की फाइन आर्ट, संगीत, शारीरिक शिक्षा, 12वीं की कंम्प्यूटर विज्ञान व भूगोल शास्त्र की परीक्षा हुई। शनिवार को सभी कक्षाओं की अलग-अलग विषयों की परीक्षाएं ली जाएंगी।
वर्जन
राजकीय विद्यालयों में शुक्रवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ की गई हैं। जिलास्तर पर प्रश्नपत्र प्रिंट करवाकर खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी विद्यालयों में समय पर पहुंचाए गए। परीक्षाओं के बेहतर संचालन के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं। सभी विद्यार्थी परीक्षा को गंभीरता से लें ताकि उनके शैक्षणिक स्तर का सही मूल्यांकन किया जा सकेगा।-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।