सोनीपत के गांव गुमड़ की बेटी किरण पहल।
गन्नौर। गांव गुमड़ की बेटी किरण पहल ने राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक के लिए देश को कोटा दिलाया है। किरण पहल ने सेमीफाइनल में 50.92 सेकेंड में 400 मीटर स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। किरण पहल के ओलंपिक क्वालीफाई करने से परिवार व गांव में खुशी का माहौल है।
किरण पहल का जन्म 5 अगस्त, 2000 को गांव गुमड़ में हुआ था। किरण के पिता ओमप्रकाश किसान थे, जिनका पिछले वर्ष देहांत हो गया था। उनकी माता माया देवी गृहिणी हैं। एक भाई दो बहनों में किरण सबसे छोटी हैं। किरण रेलवे विभाग में हेड क्लर्क की पोस्ट पर तैनात हैं। वहीं उनकी बड़ी बहन तमन्ना सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही हैं। उनका बड़े भाई रविंद्र पहल गन्नौर एसडीएम कार्यालय में नौकरी करते हैं। किरण शुरुआत से ही ओलंपिक में जाने की तैयारी कर रही थी। वह रोहतक में कोच आशीष छिक्कारा की देखरेख में प्रशिक्षण ले रही थी। वह पहले भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। टोक्यो ओलंपिक में भी उनका चयन 400 मीटर रिले रेस के लिए टीम में हुआ था। तब कुछ खिलाड़ियों के चोटिल हो जाने की वजह से टीम ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले पाई थी। इस बार भी किरण पहल ने अपनी मेहनत व संघर्ष से 400 मीटर रेस में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर अपना, अपने जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। किरण से उसके परिवार वालों व ग्रामीणों को पूरी उम्मीद है कि वह पेरिस ओलंपिक में पदक जरूर जीतकर लाएंगी। यह इस सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ समय था और इसके साथ ही वह 51 सेकेंड से कम समय में रेस पूरी करने वाली दूसरी भारतीय महिला भी बनीं हैं।