सोनीपत। दिल्ली एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के फेज-दो को लागू किए जाने के बाद जिले में सख्ती से पाबंदियां लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत डीजल जनरेटर व कोयला के प्रयोग पर तुरंत रोक लगा दी गई है। जिले में नियमों की सख्ती से पालना के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों का गठन किया है। यह टीमें फील्ड में उतरकर जारी निर्देशों को सख्ती से लागू करवाएंगी।
दिल्ली एनसीआर में दिवाली से पहले ही हवा जहरीली होती जा रही है। जिले में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को जिले में एक्यूआई शाम आठ बजे 351 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में हैं और बच्चों व बुजुर्गों की सेहत पर विपरीत प्रभाव डाल रहा है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भी ग्रैप-दो के प्रावधानों को सख्ती से लागू करवाने के लिए कमर कस ली है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि ग्रैप-दो के नियम लागू होते ही मंगलवार से जिले में डीजल से चलने वाले जनरेटर व कोयले के प्रयोग पर भी पाबंदी लगा दी गई है। नियम के तहत कोयले व जलाऊ लकड़ी के साथ डीजल जनरेटर सेट के उपयोग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।