बादली। जल जीवन मिशन के तहत गांव दरियापुर और जमालपुर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की उपस्थिति में ग्राम पंचायतों और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के बीच पेयजल योजनाओं के संचालन व रखरखाव को लेकर अनुबंध की रूपरेखा साझा की गई तथा जल नीति-2026 के मसौदे पर चर्चा की गई।
दरियापुर में जिला सलाहकार श्याम अहलावत ने बताया कि ग्राम पंचायत और जल एवं स्वच्छता समिति मिलकर पेयजल योजनाओं का संचालन करेंगी। बीआरसी मीनू वत्स ने बताया कि टाइड फंड का 60 प्रतिशत हिस्सा जल कार्यों पर खर्च करना अनिवार्य है।
जमालपुर में बीआरसी सरला और दिनेश कुमार ने ग्रामीणों को योजना की प्रक्रिया समझाई। दोनों गांवों में सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।