गन्नौर। अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में टेहा ग्राम पंचायत की श्मशान घाट की जमीन का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। उसके बावजूद मंडी निर्माण के लिए श्मशान घाट के चारों तरफ खोदाई कर दी गई। ग्राम पंचायत ने इसका विरोध जताया है। गांव के सरपंच अब मामले की शिकायत एसडीएम से करेंगे।
सरपंच आशीष त्यागी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी के निर्माण के लिए सरकार ने टेहा गांव की पंचायती जमीन का अधिग्रहण किया था। मंडी में उस समय गांव के मंदिर की करीब एक एकड़ जमीन के साथ-साथ श्मशान घाट की जमीन भी चली गई थी। जिसके बाद से ग्रामीण लगातार श्मशान घाट को स्थानांतरण न करने की मांग करते आ रहे थे। यह मामला न्यायालय में चला गया था। जिसके बाद से हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए स्थिति को यथावत रखने के आदेश जारी कर रखे हैं। इसके बावजूद मंडी में श्मशान घाट के चारों तरफ जमीन की खोदाई करवा दी गई। श्मशान घाट की खोदाई उस समय की गई जब वहां शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। खोदाई करने वालों ने अंतिम संस्कार की अग्नि शांत होने का भी इंतजार नहीं किया। सरपंच ने कहा कि खोदाई करने की वजह से ग्रामीणों के श्मशान घाट की ओर जाने का रास्ता भी नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि वह इस मामले में एसडीएम से शिकायत करेंगे।