गुरु सदन, बड़वासनी में आयोजित बैठक में मौजूद भाजपा नेता राजीव जैन व उद्यमियों को संबोधित करते चेय
- फोटो : Sonipat
भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि सरकार उद्यमियों को निवेश के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी। दिल्ली के उद्यमियों को हरियाणा में उद्योग लगाने का पहले ही निमंत्रण दिया गया है। सरकार की नीतियों की बदौलत ही दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों के उद्यमियों ने गोहाना रोड स्थित गांव बड़वासनी, भठगांव, बाघडू व मोहाना क्षेत्र में फैक्टरियां लगाई हैं।
गुरु सदन, बड़वासनी में वीरवार को फैक्टरी संचालकों की बैठक हुई। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में भाजपा नेता राजीव जैन पहुंचे। राजीव जैन ने कहा कि उद्योगधंधे लगाने वाले उद्यमियों को सरकार हरसंभव सुविधाएं मुहैया करवाएगी। इस क्षेत्र में सड़क, सीवरेज व बिजली की बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। स्थानीय स्तर पर भी जिला प्रशासन की तरफ से उनकी परेशानियों को दूर कराया जाएगा। इन फैक्टरियों की वजह से लोगों को रोजगार मिलेगा। यह क्षेत्र एक नए इंडस्ट्रियल जोन की भांति उभरकर सामने आया है। गुरु सदन संस्था के चेयरमैन नरेंद्र सूरा ने फैक्टरी संचालकों को कहा कि राजीव जैन उद्यमियों की हर तरह से मदद करेंगे। बैठक में करीब 50 फैक्टरी संचालकों ने स्थानीय इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के गठन पर विचार-विमर्श किया। सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान व रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। सभी ने निर्णय लिया कि एसोसिएशन का नाम गुरु सदन इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप रखा जाए। एसोसिएशन गठन कर चुने गए पदाधिकारी अपनी मांगों के लिए उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से मिलेंगे। इस मौके पर अश्विनी गर्ग, सौरभ सिंघल, मनोज राठी, डीके कुच्छल, दीपक गर्ग, विकास अग्रवाल, सूरज सैनी, अर्जुन अमरपुरी, अमन मलिक, बलविंद्र आहूजा, आरएस रिंकू, हरपाल सिंह व पुनीत सिंह मौजूद रहे।