संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। 68वीं राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता की विजेता पहलवान को गांव हरसाना कलां में सम्मानित किया गया। गांव के खेल प्रेमियों ने विजेता पहलवान काजल को रुपयों व फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
पहलवान काजल ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 16 से 20 नवंबर तक हुई कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। काजल गांव स्थित बजरंग अखाड़ा में अभ्यास करती हैं।
सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता मोनू बाघडू व विशिष्ट अतिथि देवेंद्र पिपली ने शिरकत की। बजरंग अखाड़ा संचालक पहलवान धर्मबीर दहिया ने बताया कि काजल छोटी आयु से ही पहलवानी में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। काजल खेल के साथ पढ़ाई में भी होशियार है। काजल ने प्रतियोगिता में 30 किलो भार वर्ग में प्रतिभागिता की थी। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में काजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ की पहलवान को 12-4 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। पहलवान काजल को बजरंग अखाड़ा से गांव तक सनरुफ कार में बैठाकर स्वागत जुलूस निकाला गया।
पिता अशोक ने बताया कि उनके पास पांच बेटी व एक बेटा है। पांचों बेटियां पहलवानी करती हैं। सभी बेटियां बजरंग अखाड़ा में कुश्ती के गुर सीख रही हैं। उन्होंने बताया कि वह प्लंबर का काम करते हैं। उनका सपना है कि बेटियां फोगाट बहनों की तरह देश के लिए पदक जीते। काजल ने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले काफी कड़े रहे। वह गांव स्थित बजरंग अखाड़ा में अभ्यास करती हैं। काजल ने अपनी जीत का श्रेय माता-पिता व प्रशिक्षक को दिया है।
समारोह के दौरान धोला पहलवान, पवन कुमार, प्रशिक्षक नीरज, अंकित पहलवान, सरपंच जगबीर, गोलू पहलवान, काला पहलवान व पहलवान अमित मौजूद रहे।