सोनीपत। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-15 में पत्नी के साथ घूमने निकले युवक के गले से झपटमार सोने की चेन झपट कर भाग गए। इस दौरान आधी चेन टूटकर उनके गले में ही अटक गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पुनीत कोशिश ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सोमवार देर शाम गली के बाहर सड़क पर घूम रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। उन्होंने सिर पर हेलमेट लगा रखा था। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक युवक ने उनके गले पर झपटा मारकर उनकी सोने की चेन खींच ली। इस दौरान चेन टूट गई और आधा हिस्सा लेकर झपटकर भाग गए। आधा हिस्सा गले में ही अटक गया। उन्होंने बाइक का नंबर देखने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के चलते नंबर नहीं देख सके। उन्होंने मामले से सेक्टर-27 थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 24 सोनीपत के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयभगवान ने बताया कि चेन झपटने की शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।