सोनीपत। कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा पर हमला और उसके पिता की हत्या करवाने के आरोपी गैंगस्टर रामकरण ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनी गाड़ी को बुलेट प्रूफ करा रखा था। उसने गाड़ी को यूपी से बुलेट प्रूफ कराया था। इसके साथ ही वह हथियारों का जखीरा यूपी के मेरठ से लेकर आया था। पुलिस अब उसे साथ लेकर यूपी के मेरठ समेत अन्य जगहों पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई अन्य आरोपी हाथ नहीं लगा। पूछताछ में रामकरण ने बताया कि जजपा नेता विनोद उर्फ मोदी भी उसके निशाने पर था।
गैंगस्टर रामकरण बैंयापुर को सीआईए-2 की टीम ने दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल के पास से गिरफ्तार किया था। 30 मामलों में नामजद रहे आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोप है कि उसने 18 मार्च को सिपाही महेश से बदमाश अजय उर्फ बिट्टू बरोणा पर जानलेवा हमला कराया था और उसके कुछ समय बाद उसके पिता कृष्णचंद की बरोणा गांव में हत्या करा दी थी। उसने बताया था कि उसने हत्या करने के लिए मोनू लल्हेड़ी, मनीष खरखौदा, मोहित कलानौर व अन्य को भेजा था। रामकरण ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि उसके घर से बरामद हुआ हथियार का जखीरा उसने यूपी के मेरठ से हथियार सप्लायर से खरीदा था। साथ ही उसने अपनी गाड़ी को यूपी में बुलेट प्रूफ बनवाया था। संदीप बड़वासनी गिरोह से दुश्मनी के बाद से ही उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ था। मामले में पुलिस इंस्पेक्टर सोनू मलिक की भूमिका का पता लगा रही है। सोनू मलिक रामकरण का रिश्तेदार है और उसके चाचा सत्यवान की रोहतक में हत्या करने का आरोप अजय उर्फ बिट्टू पर है।
जजपा नेता मोदी भी था रामकरण के निशाने पर
गैंगस्टर रामकरण से पूछताछ में आया है कि जजपा नेता विनोद उर्फ मोदी भी उसके निशाने पर था। 18 मार्च को बरोणा में अजय के पिता की हत्या करने के साथ उसने मोनू, मनीष व मोहित व अन्य को स्कॉर्पियो में विनोद उर्फ मोदी के कार्यालय में भेजा था। सुनील निवासी सैदपुर ने इसे लेकर पुलिस को शिकायत भी दी थी। उसने बताया कि बदमाश उसकी गैस एजेंसी पर आए थे और उसके भाई के बारे में पूछ रहे थे। वह उसके भाई को मारने की धमकी देकर गए थे।
पुलिस की जांच में पता लगा कि रामकरण बैंयापुर यूपी से हथियार लेकर आया था। वहां पर दबिश दी गई है। साथ ही पता लगा कि उसने खुद की सुरक्षा के लिए अपनी गाड़ी को यूपी में बुलेट प्रूफ कराया था। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। - जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी, सोनीपत