खरखौदा(सोनीपत)। कोर्ट परिसर के बाहर गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की गोली मारकर हत्या के बहुचर्चित मामले में सोनीपत की स्पेशल यूनिट एंटी गैंगस्टर (एसयूएजी) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मुरथल निवासी मनीष है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है, जहां उससे हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि 16 मई को नीरज अपनी पत्नी से संबंधित मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर निकला था। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। शिकायत में अवन, साहिल और आर्यन पर वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया गया था। अमित, विकास, विक्की और एक महिला पर हत्या की साजिश रचने का आरोप था। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक कृष्ण ने बताया कि मनीष ने वारदात से पहले कोर्ट की पहली मंजिल पर नीरज की गतिविधियों पर नजर रखी। उसने नीरज के कोर्ट में मौजूद होने और बाहर निकलने की जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई, जिसके आधार पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। एसयूएजी पहले ही सन्नी, अवन, नवनीत, सोहन और साहिल को गिरफ्तार कर चुकी है।