सोनीपत। गैंगस्टर रामकरण बैंयापुर की फारच्यूनर गाड़ी को बुलेट प्रूफ बनाने का सौदा यूपी में तय करने के बाद उसे पंजाब के मोहाली में भेजकर बुलेट प्रूफ बनाया गया था। मोहाली में बुलेट प्रूफ बनाने के बाद गाड़ी को एक सप्ताह में वापस दिया गया था। बताया जा रहा है कि हरियाणा के साथ ही दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई गैंगस्टर की गाड़ियां भी बुलेट प्रूफ बनाई गई हैं। उनके बारे में पता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लग सकेगा। इसके लिए पुलिस गाड़ियों को ब़ुलेट प्रूफ बनाने वालों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
कोर्ट परिसर में बदमाश अजय उर्फ बिट्टू पर जानलेवा हमला कराने व उसके पिता कृष्णचंद की गांव में हत्या कराने के आरोपी रामकरण बैंयापुर से पुलिस लगातार जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस उससे गैंग के अन्य सदस्यों के साथ ही उसको हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वालों, बुलेट प्रूफ जैकेट व गाड़ी को बुलेट प्रूफ बनाने वालों की जानकारी लेने में लगी है। उससे पूछताछ के बाद जांच आगे बढ़ रही है। हथियारों और कारतूसों का जखीरा जमा करने और बुलेट प्रूफ जैकेट व गाड़ी रखने वाले रामकरण गैंग को उत्तर प्रदेश से काफी मदद मिलती रही है। ऐसे में पुलिस की एक टीम मेरठ व यूपी के अन्य इलाकों में सक्रिय है। पुलिस का मानना है कि रामकरण की गिरफ्तारी के बाद ही उससे जुड़े कई माफिया, तस्कर और अपराधी भूमिगत हो गए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच रामकरण के साथियों को गिरफ्तार करने के साथ ही हथियार माफिया की गिरफ्तारी पर केंद्रित है।
जांच में सामने आया है कि रामकरण बैंयापुर ने अपनी गाड़ी को बुलेट प्रूफ करने का सौदा यूपी में किया था। वहां से गाड़ी को पंजाब के मोहाली में भेजा गया था। मोहाली में ही कार को बुलेट प्रूफ बनाया गया। वहां से एक सप्ताह में कार वापस रामकरण को मिल गई थी। बताया जा रहा है कि मोहाली से कई गैंगस्टर ने अपनी गाड़ियों को बुलेट प्रूफ बनवाया है। अब पुलिस उस गिरोह को काबू कर अन्य जानकारी जुटाएगी।