फोटो 13- गन्नौर में शोभायात्रा के दौरान भगवा झंडों के साथ मौजूद श्रद्धालु। संवाद
गन्नौर। शिव मंदिर सनातन धर्म सभा के तत्वाधान में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें 12 सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं शामिल रही। सांसद रमेश कौशिक, विधायक निर्मल चौधरी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश जेएस जांगड़ा व नपाध्यक्ष अरुण त्यागी ने नारियल तोड़ कर प्राचीन शिव मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया। जो नगरपालिका रोड, रेलवे रोड, देवीलाल चौक, जनता स्कूल रोड से होते हुए राम मंदिर में संपन्न हुई। इसमें श्रीराम के जीवन से संबंधित 17 झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। हनुमान का रूप धरे कलाकार की उपस्थिति श्रद्धालुओं को खूब भाई।
यात्रा में नासिक ढोल, पंजाबी ढोल, बीन-ढपली, बैंड, शहनाई व डीजे के बीच श्रद्धालु जय श्री राम के नारे लगाते हुए चल रहे थे। पुरानी अनाज मंडी के निकट अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की तरफ से 51-51 ज्योत वाले पांच विशाल दीपक से मंगल आरती की गई। श्रद्धालुओं को लड्डू, केले, बिस्किट, संतरा व विभिन्न पेय पदार्थ वितरित किए। समापन पर राम मंदिर में भंडारा लगाया गया। यात्रा की व्यवस्था में नरेंद्र, नरेंद्र पतंजलि, मोहित सैनी, विकास भगवति, राजकुमार अग्रवाल, अशोक कोहली के साथ विभिन्न वार्डों के पार्षद शामिल रहे।