सोनीपत के सेक्टर-15 में गैस पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी कंपनी की टीम। स्रोत: कंपनी
सोनीपत। सेक्टर-15 में शनिवार देर शाम गैस पाइपलाइन में गैस रिसाव के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गेल गैस इंडिया लिमिटेड की टीम मौके पर पहुंच गई। मरम्मत के बाद गैस सप्लाई को सुरक्षित तरीके से बहाल कर दिया गया है। गनीमत रही कि किसी तरह का कोई हादसा नहीं हुआ। गेल गैस इंडिया लिमिटेड के सुपरवाइजर शिवरतन ने बताया कि सेक्टर-15 आरडब्ल्यूए मकान नंबर 446 के पास एक खाली प्लॉट में गैस पाइपलाइन में लीकेज की सूचना मिली थी। लोगों ने बताया कि प्लॉट में काम कर रहे किसी व्यक्ति ने पाइपलाइन को लोहे का सामान्य मटेरियल समझकर चोट मार दी। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई तो तुरंत गंध आने लग गई। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपनी घरेलू गैस सप्लाई भी बंद कर दी।
सूचना के बाद कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सुपरवाइजर शिवरतन ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में किसी भी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। मरम्मत के बाद गैस सप्लाई को बहाल कर दिया गया है। संवाद