सोनीपत। गुड़ मंडी स्थित केसन्स इंडिया फर्म के पार्टनर के खाते से ठगों ने ऑनलाइन 15 लाख रुपये निकाल लिए। नकदी पीएनबी शाखा में फर्म के खाते से निकाली गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
केसन्स इंडिया फर्म, गुड़ मंडी में पार्टनर महाबीर गोयल ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उनकी फर्म का पीएनबी की शाखा में खाता है। सोमवार शाम को उनके मोबाइल पर दो मैसेज आए थे। एक मैसेज में 10 लाख रुपये व दूसरे में पांच लाख रुपये निकालने का मैसेज मिला था। उनके खाते से नकदी किसी अन्य खाते में ट्रांसफर की गई है। उन्होंने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने उनके बयान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गहनता से जांच कर धोखाधड़ी करने वालों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।