गोहाना। गांव निजामपुर के रहने वाले व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी कर 86500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। उसका एटीएम कार्ड भी ब्लॉक कर दिया गया। पीड़ित को जब उसके खाते से रुपये निकलने के बारे में पता चला तो उसने बरोदा थाना में शिकायत दी। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव निजामपुर निवासी कप्तान का गांव के ही ओबीसी बैंक में खाता है। बैंक द्वारा उसे एटीएम कार्ड भी जारी किया गया है। कप्तान ने अपने कार्ड से अंतिम बार 22 फरवरी को जींद से एक एटीएम से 5000 रुपये निकलवाए थे। जब वह 1 मार्च को बैंक में पहुंचा, तब उसे बताया गया कि उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है। कप्तान 2 मार्च को फिर बैंक में अपने एटीएम का पिन पता करने पहुंचा। उसे 50 हजार रुपये की जरूरत थी। बैंक कर्मचारी ने उसे बताया कि खाते में केवल केवल 25 हजार रुपये बचे हैं। डिटेल मांगने पर पता चला कि 24 फरवरी को उसके खाते से पहली बार 10 हजार व दूसरी बार 15 सौ रुपये और 29 फरवरी को एक बार 10 हजार और दूसरी बार 15 हजार रुपये निकलवाए गए। 1 मार्च को फिर से 15 हजार व 10 हजार तथा 2 मार्च को 15 हजार व 10 हजार रुपये निकाले गए। कप्तान इस बात को लेकर हैरान है कि जब उसका एटीएम कार्ड बंद बताया गया गया तो उसके खाते से एटीएम कार्ड का प्रयोग करके ही रुपये कैसे निकाले गए। खास बात यह है कि जिस दिन उसका कार्ड ब्लॉक बताया गया था उसी दिन उसने पासवर्ड भी बदला था। इसके खाते में कई बार में कुल 86 हजार 500 रुपये निकाले गए। कप्तान का कहना है कि एटीएम कार्ड उसके पास है और किसी ने उससे कोई जानकारी भी नहीं मांगी।