सोनीपत के खरखौदा सब्जी मंडी में पहुंचे मार्केट कमेटी के सचिव जगजीत सिंह। संवाद
खरखौदा। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर एक तरफ जहां उपभोक्ताओं को अधिकार के प्रति जागरूक किया जा रहा था वहीं खरखौदा में मजदूरों के साथ धोखाधड़ी कर दी गई। सब्जी मंडी में दुकानदार ने ईंट भट्ठे से सामान लेने आए मजदूरों को दिए सामान के तौल में हेर-फेर करने के साथ ही सामान की पर्ची में भी जोड़ करने में गोलमाल कर उन्हें कई सौ रुपये का चूना लगा दिया। जब सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को पता चला तो उन्होंने हंगामा किया और उक्त दुकानदार से ना केवल भट्ठे के मजदूरों से पैसे वापस दिलवाए बल्कि सामान भी पूरा दिलवाया।
खरखौदा में ईंट भट्ठों की लेबर को टारगेट करते हुए उन्हें सामान कम तोलकर दिया जाने की सूचना पहले भी मिलती रही हैं। शुक्रवार को एक ईंट भट्ठे से आए मजदूरों को परचून व्यापारी ने 26 किलो के नाम पर 17 किलो 900 ग्राम चावल थमा दिए। उनके सामान की पर्चियों में भी 100 रुपये जोड़ दिए। इसका सब्जी विक्रेताओं ने पता लगने पर उन्होंने हंगामा कर दुकानदार को बुलाया और पूरे चावल दिलवाने के साथ ही मजदूरों के सौ-सौ रुपये वापस दिलवाए और दुकानदार पर 11 सौ रुपये पंचायती तौर पर जुर्माना भी लगाया। सूचना पाकर मौके पर मार्केट कमेटी सचिव जगजीत भी पहुंच गए। लेकिन तब तक समझौता हो चुका था, लेकिन सचिव की ओर से पूरी मंडी की दुकानों के तराजू की जांच कराने की बात कही है। वहीं इस प्रकार का मामला दोबारा आने पर मुकदमा करवाने को चेताया गया है।