सोनीपत। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जमीन के कलेक्टर रेट में 10 से 20 फीसदी की वृद्धि की गई है। प्रशासन ने जमीनों के कलेक्टर रेट संशोधित कर दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने आपत्तियों और दावों के लिए 30 मार्च तक का समय दिया है। कलेक्टर रेट निर्धारण के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई थी, जिसमें सभी एसडीएम व संबंधित राजस्व अधिकारियों को शामिल किया गया था। कमेटी ने रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी। 31 मार्च के बाद कलेक्टर रेट की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
सोनीपत तहसील क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की रिहायशी व व्यावसायिक स्थलों के कलेक्टर रेट में 10 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। सोनीपत तहसील के गांवों में भी इसी दर से कलेक्टर रेट में इजाफा किया गया है। रिहायशी क्षेत्रों में सबसे अधिक सेक्टरों में रेट बढ़ाए गए हैं। सेक्टर-8, 9, 10, 11, 18, 19, सेक्टर 16 से 20 व सेक्टर-23 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 15 से 20 फीसदी तक रेट बढ़ाए गए हैं। यहां पर कीमत 23 हजार रुपये वर्ग फीट तक हो गई है। साथ ही गोहाना, खानपुर कलां, गन्नौर, राई व खरखौदा में भी कामर्शियल व रिहायशी रेटों में भी 10 से 20 फीसदी इजाफा किया गया है। जिला प्रशासन की वेबसाइट सहित जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय में रेट सूची उपलब्ध रहेगी।
यहां बढ़ाए गए रेट
सेक्टर-8 हुडा और सेक्टर 19 एल्डिको में 400 वर्ग गज के रिहायशी प्लाटों में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। सेक्टर-16, 20 व 26 आवासीय, मॉडल टाउन के कामर्शियल, मोहनपुरा व मशद मोहल्ला के कामर्शियल एरिया में भी 20 फीसदी तक रेट बढ़ाए गए हैं। यहां कीमतें अब 23 हजार रुपये प्रति वर्ग फीट तक पहुंच गई है। हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 14 में 23 हजार रुपये से बढ़ाकर 25, 300 रुपये कलेक्टर रेट हो गए हैं। यहां पर 10 फीसदी की वृद्धि हुई है। सेक्टर 12 और 7 में 400 वर्ग गज के प्लॉट के रेट में 10 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। नई रिहायशी कॉलोनी रिशिका बिल्डवेल के फेस-1 और फेज-2, श्रीराम रेजिडेंसी में कामर्शियल साइट 55 हजार रुपये तथा रिहायशी साइट करीब 20 हजार रुपये वर्ग गज तक निर्धारित हुई है।
पक्के मार्गों के 3 एकड़ तक कृषि भूमि के रेट 20 फीसदी बढ़े
सोनीपत के गांव मुरथल, कुमासपुर, जोशी चौहान, नांगल खुर्द, बड़वासनी, खिजरपुर माजरा, हलालपुर, छतेहरा, बहादुरपुर, नाहरा, मल्ला माजरा, नसीरपुर बांगड़, मोहम्मदाबाद, फतेहपुर, लाडपुर, बागडू, भठगांव, राठधना, जगदीशपुर, धतुरी, लिवान आदि गांवों में पक्के मार्गों से 3 एकड़ तक जमीन के रेटों में 20 फीसदी तक वृद्धि की गई है। मुरथल में नेशनल हाईवे-44 से 3 एकड़ तक कृषि चाही भूमि के रेट 1 करोड़ 98 लाख हो गए हैं, जबकि यह पिछले वर्ष 1 करोड़ 80 लाख रुपये प्रति एकड़ थे।
वाणिज्यिक व रिहायशी में सेक्टर-14 सबसे महंगा
सेक्टर-14 के निर्मित बूथ कॉर्नर के रेट 2 लाख 64 हजार तक पहुंच गए हैं। यह संभवत: शहर में सबसे ज्यादा है। हालांकि इनमें बढ़ोतरी 10 फीसदी ही की गई है। इसके अलावा सेक्टर-7, 12, 23, 15 में भी वाणिज्यिक रेट 10 फीसदी ही बढ़ाए गए हैं, इसके बावजूद यहां कलेक्टर रेट 1 लाख से ज्यादा हैं। एटलस रोड पर मिनर्वा के आसपास वाणिज्यिक रेट 92 हजार से ज्यादा हो गए हैं। गीता भवन चौक के पास अधिकतम रेट 81400 प्रति वर्ग हो गए हैं। इसी तरह सेक्टर-14 के आवासीय क्षेत्रों में अधिकतम रेट अब 29700 रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में आवासीय भूमि के रेट इससे कम ही हैं। सबसे कम रेट सुंदर सांवरी क्षेत्र में 8685 रुपये प्रति वर्ग गज हैं।
प्रशासन ने मांगे दावे आपत्तियां
डीसी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के सोनीपत जिला के कलेक्टर रेट निर्धारित किए जाने हैं, जिनके प्रस्तावित कलेक्टर रेट जिले की वेबसाइट में पब्लिक डोमेन पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर अपलोड वर्ष 2024 के कलेक्टर रेटों से संबंधित किसी भी व्यक्ति को कोई आपत्ति या सुझाव है तो 30 मार्च तक जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय, संबंधित तहसीलदार या नायब तहसीलदार कार्यालय में दे सकता है।