सोनीपत। कैंसर पीड़ितों की मौत के बाद उसे सडक़ हादसा दिखाकर क्लेम हड़पने के मामले में एसटीएफ ने दूसरा चालान कोर्ट में पेश किया है। दूसरा चालान 408 पेज का है। जिसमें दो डाक्टर समेत पांच आरोपी शामिल है। इससे पहले 500 पेज का चालान कोर्ट में पेश किया गया था। चालान पेश करने के साथ ही पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिया गया है।
विदित रहे कि भारती एक्सा बीमा कंपनी की अधिकारी अमन बेदी ने कैंसर के मरीजों का बीमा कराने के बाद उनकी मौत होने पर उसे हादसा दिखाकर धोखाधड़ी से करोड़ों का बीमा क्लेम लेने का आरोप लगाया था। जिस पर सोनीपत एसटीएफ ने जांच करते हुए सरगना सेवली निवासी पवन, रिढ़ाना निवासी मोहित व गुमाना निवासी विकास खर्ब को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया था। उसके बाद सेटिंग करवाने वाले आपरेटर प्रदीप, पीजीआई से कैंसर पीड़ितों का रिकार्ड देने वाले प्रमोद रोहतक, पुलिस कर्मचारी अशोक, पिता का बीमा क्लेम लेने वाले सुमित, पत्नी का क्लेम लेने वाले चांद को गिरफ्तार किया था। टीम ने आठों आरोपियों का चालान तैयार कर लिया था। 500 पेज के चालान को 17 जून को अदालत में पेश किया गया था। बाद में टीम ने मामले में सोनीपत सामान्य अस्पताल के डाक्टर अंबुज जैन, हिसार के डाक्टर अमित व हिसार के पदम व नरेश तथा सोनीपत के जोनी को काबू किया था। अब पांचों का चालान बुधवार को अदालत में पेश किया गया है।
फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को दो चिकित्सकों समेत पांच आरोपियों का कुल 408 पेज का चालान कोर्ट में पेश किया है। इसमें 42 लोगों को गवाह बनाया गया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने गिरोह के सदस्यों से सेटिंग कर गलत रिपोर्ट बनाई थी।
-शमशेर सिंह, डीएसपी एसटीएफ