निफ्टम ने ग्रामीण महिलाओं को सिखाए आत्मनिर्भरता के गुर, उत्तर प्रदेश मथुरा के रिठौरा गांव में चलाया कौशल विकास और स्वरोजगार का अभियान
- गोबर और घी से धूप तैयार करने की विधि भी सिखाई
- नानखटाई और बेकरी उत्पाद बनाने का दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मंदिरों में चढ़ाए जाने के बाद अनुपयोगी हो जाने वाले फूल अब ग्रामीण महिलाओं की आमदनी का जरिया बन सकते हैं। इन सूखे फूलों से खुशबूदार धूप तैयार कर छोटे स्तर पर स्वरोजगार शुरू किया जा सकता है। इसी सोच को जमीन पर उतारने के लिए राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम), कुंडली ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रिठौरा गांव में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
ग्राम अंगीकरण कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला में महिलाओं और ग्रामीणों को बेकरी उत्पाद, नानखटाई तथा प्राकृतिक सामग्री से धूप बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रोफेसर मुरलीधर मेघवाल के मार्गदर्शन में संस्थान की 40 सदस्यीय टीम ने ग्रामीणों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और उन्हें आमदनी का साधन बनाने के तरीके समझाए। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और गांव में ही रोजगार के अवसर विकसित करना रहा।
मंदिरों के फूलों से तैयार होगी खुशबूदार धूप
कार्यशाला का विशेष आकर्षण मंदिरों से निकलने वाले सूखे फूलों का उपयोग कर धूप तैयार करने का प्रशिक्षण रहा। ग्रामीणों को फूलों के साथ गोबर, घी और अन्य प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल कर धूप बनाने की विधि समझाई गई। इससे धार्मिक स्थलों से निकलने वाले जैविक कचरे का सदुपयोग करने के साथ पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। यह पहल महिलाओं के लिए घर बैठे लघु उद्यम शुरू करने का नया अवसर भी बन सकती है।
नानखटाई और बेकरी उत्पाद बनाने के सिखाए गुर
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को नानखटाई सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद बनाने की तकनीक बताई गई। कच्चे माल के चयन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता, स्वच्छता और उत्पाद तैयार करने के मानकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि स्थानीय कृषि उत्पादों का इस्तेमाल कर छोटे स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शुरू की जा सकती हैं। इससे परिवार की आय बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों को भी रोजगार मिल सकता है।
16 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम में उत्पाद विकास प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने पारंपरिक पाक-कला और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। वहीं लखनऊ से आई फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स की टीम ने ग्रामीणों के लाए खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच की और शुद्धता परखने के सरल तरीकों का प्रदर्शन किया।
प्लास्टिक से दूरी और पारंपरिक खानपान अपनाने का संदेश
कार्यक्रम में शिक्षाविद नटवरलाल, देवजीत सिंह (डीआरपी, बरसाना), गौरव शर्मा और अमरचंद ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। वक्ताओं ने प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले नुकसान बताते हुए पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने संतुलित और पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, स्वयं के लिए भोजन उगाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट से बचने के उपाय भी बताए। वक्ताओं ने कहा कि पारंपरिक व्यंजन हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें केवल यादों तक सीमित रखने के बजाय अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभा सकता है।