सोनीपत। जिले की चार सड़कों का करीब 2.70 करोड़ रुपये से नवीनीकरण का कार्य करवाया जाएगा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) की ओर से गन्नौर व बरोदा के तहत आने वाली इन सड़कों का नवीनीकरण करवाया जाएगा।
सड़कों का नवीनीकरण होने से वाहन चालकों के साथ ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मार्केटिंग बोर्ड ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही 22 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से गन्नौर के तहत आने वाले गांव जाहरी से देवडू रोड व गांव अटायल से बुलंदपुर रोड का करीब 77.65 लाख रुपये से नवीनीकरण करवाया जाएगा। इसके अलावा बरोदा के तहत आने वाले गांव शामड़ी से पुगथला व गांव कैलाना से शामड़ी रोड का करीब 1.93 करोड़ रुपये नवीनीकरण करवाया जाएगा। मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों के नवीनीकरण के लिए 22 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है। करीब सात गांवों को आपस में जोड़ने वाली इन सड़कों से रोजाना काफी वाहन चालकों व ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहता है। यह रोड सात गांवों को जोड़ता है। सड़कों की खस्ताहालत को लेकर ग्रामीण काफी समय से इनके सुधार की मांग कर रहे थे। लोगों की समस्या को देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्जन
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के तहत आने वाली चार सड़कों का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा गया था। मुख्यालय ने सड़कों के नवीनीकरण के लिए तैयार बजट को मंजूरी दे दी है। मार्केटिंग बोर्ड ने 22 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद मुख्यालय से अलॉटमेंट होने के बाद सड़कों का नवीनीकरण शुरू करवा दिया जाएगा। -बिजेंद्र हुड्डा, उपमंडल अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड, सोनीपत।