हादसे के बाद सड़क किनारे पलटी कार को देखते लोग।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर के कामी रोड बाइपास के पास कार की चपेट में आकर साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद कार भी सड़क किनारे पलट गई। बताया गया है कि हादसे में कार सवार चार युवक भी घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव राजपुर निवासी धर्मपाल (52) सोनीपत सब्जी मंडी में केले की रेहड़ी लगाता था। वह सोमवार सुबह साइकिल पर सवार होकर सब्जी मंडी से गांव की तरफ जा रहा था। जब वह बाइपास के पास पहुंचा तो इसी दौरान एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में धर्मपाल बुरी तरह से घायल हो गया। घटनास्थल के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। राहगीरों ने बताया कि कार सवार चार युवक भी घायल हो गए। बुरी तरह से घायल धर्मपाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची ओल्ड चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस घायल युवकों के बारे में पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि कार सवारों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच की जा रही है।