संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सांसद निधि कोटे से अक्तूबर 2025 में मिलीं चार एंबुलेंस जल्द चलाई जाएंगी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए पूर्व सांसद रमेश कौशिक के कोटे से स्वास्थ्य विभाग को चार एंबुलेंस मिली थीं। आरटीए कार्यालय से पासिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इंडियन ऑयल कंपनी से पेट्रो कार्ड बनने के बाद उन्हें सड़कों पर उतारा जाएगा। इनमें से दो एंबुलेंस को नागरिक अस्पताल सोनीपत व दो एंबुलेंस को महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल को सौंपा जाएगा। अक्तूबर 2025 से सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में ये धूल फांक रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्भवती व अन्य मरीजों की हालत गंभीर बताकर रेफर करने पर उनकी जान को जोखिम में डाला जा रहा है। आज एंबुलेंस की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रास्ते में कब खराब हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। कई बार दूसरी एंबुलेंस मंगवाकर मरीजों को भेजा जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के बेड़े में 27 एंबुलेंस हैं। इनमें से मानक पूरे कर चुकी 13 एंबुलेंस कंडम होने के बाद भी दौड़ाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के बेड़े में चार नई एंबुलेंस शामिल होने से मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचने पर जीवनरक्षक सहायता मिलेगी। आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।
जिले में एंबुलेंस की स्थिति
कुल एंबुलेंस 27
एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) 07
बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) 06
पेशेंट ट्रांसपोर्ट एंबुलेंस (पीटीए) 11
किलकारी 03
वर्जन
आरटीए कार्यालय से एंबुलेंस की पासिंग प्रक्रिया हो चुकी है। कार्यालय से आरसी आने के बाद इंडियन ऑयल कंपनी से पेट्रो कार्ड बनवाया जाएगा। उसके बाद इन एंबुलेंस को मरीजों के लिए समर्पित किया जाएगा। इनमें से दो एंबुलेंस स्वास्थ्य विभाग के पास रहेगी और दो एंबुलेंस बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के निदेशक को सौंप दी जाएगी। -डॉ. ज्योत्सना, सिविल सर्जन