सोनीपत। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक ने स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम जारी किया है। इसमें हिंदू महाविद्यालय की चार छात्राओं ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची के टॉप टेन में स्थान बनाया है। महाविद्यालय प्रबंधन ने चारों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य अर्चना गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय की तरफ से जारी की गई मेरिट सूची में महक ने प्रथम, वैशाली ने द्वितीय, आंचल ने तृतीय और ऐश्वर्या ने छठे स्थान पर कब्जा जमाया। उन्होंने विद्यार्थियों और विभाग के अध्यापकों को बधाई दी। उप प्राचार्य डॉ. अरुण गौड़ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा ने विद्यार्थियों को इसी प्रकार का प्रदर्शन आगे भी दोहराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विभाग के अध्यापक डॉ. अजय कुमार, डॉ. मनीषा, मीनू, सरिता मौजूद रहे।