गन्नौर। थाना गन्नौर पुलिस ने रंजिशन हमला व फायरिंग करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव खुबडू निवसी अमन उर्फ बच्ची, गुमड़ निवासी मनीष व रवि और गांधी नगर गन्नौर निवासी अंकित है। उन्हें अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव गुमड़ निवासी शराब व्यवसायी कुनाल ने 11 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते मोहित व उसके दोस्तों ने पहले फोन पर उनके साथ गाली गलौज किया था। इसके बाद मोहित, मनोज, रवि, बच्ची, काला व अन्य साथियों ने देर रात उनके घर पर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
आरोपियों ने कई राउंड गोली चलाई जिसमें एक गोली घर की खिड़की के शीशे में जा लगी जबकि अन्य गोलियों से वह बाल-बाल बच गए। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसकी कार का शीशा भी तोड़ दिया था। उनसे बचने के बाद घर वालों ने हमलावरों पर ईंटें बरसाई। जिसके बाद हमलावर अपनी कार मौके पर छोड़ कर धमकी दे कर भाग गए थे।