फोटो 20: सोनीपत में पुलिस टीम के साथ लूटपाट के आरोपी व मामले की जानकारी देते एसीपी राहुल देव। स
- फोटो : mathura
सोनीपत। सुभाष स्टेडियम के पास से गोहाना जाने के लिए इको वैन में लिफ्ट लेने वाले मेकअप आर्टिस्ट व एक अन्य से लूटपाट के मामले में पुलिस ने सुरेंद्र उर्फ बाबा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। चारों को स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने देवडू रोड से पकड़ा है। तीन आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा। चौथे नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
एसीपी राहुल देव ने बताया कि गोहाना निवासी गोविंद ने 25 मार्च को सदर थाना पुलिस को बताया था कि वह मेकअप आर्टिस्ट है। वह 24 मार्च को दिल्ली के सदर बाजार से मेकअप का सामान खरीदने गए थे। वह रात करीब 10 बजे सोनीपत पहुंचे थे। उसके बाद सुभाष स्टेडियम के पास से उन्होंने गोहाना जाने के लिए इको वैन में लिफ्ट ली थी। उनके साथ एक अन्य युवक भी सवार हुआ था। गाड़ी में चालक समेत पांच युवक पहले से थे। बड़वासनी के पास युवकों ने उन पर हमला कर सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल व 15 सौ रुपये लूट लिए थे। उन्होंने माच्छरी बिजली घर के पास चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई थी। उनके साथ लिफ्ट लेने वाले युवक का आरोपी अपहरण कर ले गए थे। बाद में युवक से दो मोबाइल लूटकर छोड़ दिए थे। उसकी पहचान गोहाना निवासी विजय के रूप में हुई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामले में स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मूलरूप से गांव कुराड़ हॉल ऋषि कॉलोनी, सोनीपत निवासी सुरेंद्र उर्फ बाबा, मूलरूप से झज्जर के गांव छोछी हॉल ऋषि कॉलोनी, सोनीपत निवासी आकाश व जींद के गांव करसोला हॉल ऋषि कॉलोनी, सोनीपत निवासी संजय को गिरफ्तार किया है। उनके एक नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार तीन आरोपियों को रिमांड पर लिया जाएगा।
कई मामलों में नामजद है सुरेंद्र उर्फ बाबा
गिरफ्तार सुरेंद्र उर्फ बाबा ही आरोपियों का सरगना है। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर हत्या के दो, हत्या की कोशिश के चार व लूट और डकैती के नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी सुरेंद्र को पुलिस ने अब पानीपत से चोरी की गई बाइक सहित गिरफ्तार किया है।
फोटो 20: सोनीपत में पुलिस टीम के साथ लूटपाट के आरोपी व मामले की जानकारी देते एसीपी राहुल देव। स- फोटो : mathura