संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। प्याऊ मनियारी की गली नंबर छह में खाली प्लॉट में पड़े कचरे के ढेर पर तीन माह का नर भ्रूण मिला है। क्षेत्र के लोगों में इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलने ही पहुंची पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद दफना दिया है। पुलिस ने भ्रूण देखने वाली गली की रहने वाली नीलम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह प्याऊ मनियारी स्थित खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर पर भ्रूण मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जुटे लोगों ने बताया कि नर भ्रूण करीब तीन माह का है। उन्होंने कहा कि यह अवैध गर्भपात या किसी नर्सिंग होम की लापरवाही का मामला हो सकता है।
इसी कड़ी में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में स्थित निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों से पिछले कुछ महीनों का रिकॉर्ड जुटाने शुरू कर दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।